कपूरथला में परम पूजनीय प्रबोदानंद सरस्वती स्वामी महाराज के सान्निध्य में निकली इस्कॉन की 38वीं संध्या फेरी, रथयात्रा में सम्मिलित होने का किया आह्वान
- धार्मिक
- 08 Jul, 2026 02:33 PM (Asia/Kolkata)
कपूरथला 9 जुलाई गौरव मढिया
इस्कॉन कपूरथला द्वारा भगवान श्री जगन्नाथ जी की 19 जुलाई को आयोजित होने वाली भव्य रथयात्रा के उपलक्ष्य में पूरे शहर में लगातार निकाली जा रही 45 दिवसीय हरिनाम संकीर्तन संध्या फेरियों के क्रम में मगलवार को 38वीं संध्या फेरी अत्यंत भव्य एवं आध्यात्मिक वातावरण में संपन्न हुई।

यह दिन कपूरथला के लिए विशेष रूप से सौभाग्यशाली रहा क्योंकि पहली बार परम पूजनीय प्रबोदानंद सरस्वती स्वामी महाराज का कपूरथला आगमन हुआ। इस अवसर पर उनके साथ इस्कॉन लुधियाना के अध्यक्ष आदरणीय नरोत्मानंद प्रभु जी भी उपस्थित रहे। सभी वरिष्ठ वैष्णवों के सान्निध्य में कपूरथला के भक्तों ने उत्साहपूर्वक हरिनाम संकीर्तन करते हुए संध्या फेरी निकाली, जिससे पूरा वातावरण "हरे कृष्ण" महामंत्र की दिव्य ध्वनि से गुंजायमान हो उठा।
अपने प्रवास के दौरान परम पूज्य महाराज ने दो विशेष आध्यात्मिक प्रवचन भी दिए। पहला प्रवचन इस्ककॉन कपूरथला के संचालक नकुल दास प्रभुजी के निवास स्थान 140, प्रकाश एवेन्यू में आयोजित हुआ, जहाँ उन्होंने बताया कि प्रत्येक व्यक्ति को अपने भीतर के दोषों, अहंकार, क्रोध तथा अन्य अवगुणों का त्याग कर वैष्णव जीवन के दिव्य गुणों को अपनाने का निरंतर प्रयास करना चाहिए।
इसके पश्चात गोपाल पार्क स्थित श्री सोनू गोयल जी के निवास पर आयोजित कार्यक्रम में महाराज ने अत्यंत मधुर हरिनाम संकीर्तन किया तथा भगवान श्री जगन्नाथ जी की रथयात्रा की महिमा का विस्तार से वर्णन किया। उन्होंने कहा कि भगवान जगन्नाथ अपने भक्तों पर असीम कृपा बरसाते हैं। उनके दर्शन, सेवा एवं रथयात्रा में सहभागिता से मनुष्य जन्म-मृत्यु के बंधन से मुक्त होकर भगवान की विशेष कृपा का पात्र बन सकता है।

महाराज ने समस्त कपूरथला वासियों से आग्रह किया कि वे 19 जुलाई को श्री सनातन धर्म सभा, कपूरथला से प्रारंभ होने वाली भव्य श्री जगन्नाथ रथयात्रा में परिवार सहित अवश्य सम्मिलित हों तथा भगवान के रथ की पवित्र रस्सी खींचकर अपने जीवन को धन्य बनाएं।
कार्यक्रम के अंत में सभी श्रद्धालुओं ने परम पूज्य महाराज के दिव्य वचनों का श्रवण कर आध्यात्मिक प्रेरणा प्राप्त की तथा सफल आयोजन के लिए इस्कॉन कपूरथला के प्रयासों की सराहना की।
Leave a Reply