इस्कॉन कपूरथला ने मनाया भव्य जन्माष्टमी उत्सव, हजारों श्रद्धालुओं ने किए भगवान श्रीकृष्ण के दिव्य दर्शन
- धार्मिक
- (Asia/Kolkata)
कपूरथला 7 सितंबर गौरव मढिया
कपूरथला शहर में स्थित इस्ककॉन मंदिर,श्री श्री राधा श्याम सुंदर मंदिर में भगवान श्रीकृष्ण का प्राकट्य उत्सव जन्माष्टमी, अत्यंत श्रद्धा, उल्लास एवं भव्यता के साथ मनाया गया। उत्सव में कपूरथला शहर एवं आसपास के क्षेत्रों से हजारों श्रद्धालुओं ने पहुंचकर भगवान श्रीकृष्ण के दिव्य दर्शन किए और हरिनाम संकीर्तन में भाग लिया।
इस अवसर पर इस्ककॉन कपूरथला के संचालक नकुल दास जी ने बताया की मंदिर परिसर में भगवान के लिए विशेष रूप से भव्य एवं आकर्षक अल्टर तथा सुंदर झूला सजाया गया। भगवान के लिए शहरवासियों एवं भक्तों द्वारा प्रेमपूर्वक अनेक प्रकार के व्यंजन अर्पित किए गए तथा छप्पन भोग लगाया गया। भक्तों ने अत्यंत श्रद्धा एवं प्रेम से भगवान को भोग अर्पित कर उनके श्रीचरणों में अपनी सेवा समर्पित की।
इस्कॉन कपूरथला के युवा भक्तों द्वारा भगवान श्रीकृष्ण के प्राकट्य की दिव्य लीला का भावपूर्ण मंचन किया गया। इसके साथ ही रास नृत्य, मटकी फोड़ लीला एवं भगवान की विभिन्न लीलाओं की सुंदर झांकियां प्रस्तुत की गईं। युवा भक्तों द्वारा प्रस्तुत मधुर हरे कृष्ण महामंत्र संकीर्तन ने पूरे वातावरण को आध्यात्मिक आनंद से भर दिया। अनेक श्रद्धालु घंटों तक कार्यक्रम में बैठे रहे और संकीर्तन एवं भगवान की लीलाओं का आनंद लेते रहे।

इस अवसर पर शहर के अनेक भक्त अपने बच्चों को राधा-कृष्ण के सुंदर स्वरूप में सजाकर मंदिर लेकर आए। इन बाल भक्तों को मंदिर की ओर से विशेष एवं दिव्य उपहार प्रदान किए गए। अनेक भक्त अपने लड्डू गोपाल जी को भी साथ लेकर पहुंचे, जिनका स्वागत करते हुए उन्हें भी सुंदर उपहार भेंट किए गए।
रात्रि लगभग 11:30 बजे भगवान श्रीकृष्ण का पंचामृत अभिषेक विधिवत किया गया। अभिषेक के दिव्य दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। जन्माष्टमी की पावन रात्रि में भगवान के प्राकट्य एवं अभिषेक के दर्शन को भक्तों ने अत्यंत सौभाग्यशाली अवसर माना।
इस्कॉन कपूरथला के संचालक नकुल दास (नीरज अग्रवाल) जी ने श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए कहा कि भगवान श्रीकृष्ण अजन्मा, अनादि एवं सम्पूर्ण सृष्टि के स्वामी हैं। फिर भी वे अपनी असीम कृपा से इस संसार में अपनी प्राकट्य लीला करते हैं, ताकि जीवात्माएं उनके दिव्य नाम, रूप, गुण और लीलाओं का श्रवण एवं स्मरण करके अपने हृदय को भगवान के श्रीचरण कमलों में लगा सकें।
उन्होंने श्रीमद्भागवतम् के दशम स्कंध के आधार पर भगवान श्रीकृष्ण के प्राकट्य की दिव्य कथा सुनाते हुए कहा कि भगवान की जन्मलीला का श्रवण केवल एक ऐतिहासिक घटना को सुनना नहीं है, बल्कि यह हमारे हृदय में कृष्ण-प्रेम जागृत करने का दिव्य अवसर है। भगवान की कथा का श्रवण, उनके नाम का संकीर्तन और उनकी सेवा—ये सभी कलियुग में आध्यात्मिक उन्नति के अत्यंत सरल एवं प्रभावशाली साधन हैं।
उत्सव के दौरान इस्कॉन कपूरथला की माताओं एवं अतिथि भक्तों द्वारा हरे कृष्ण महामंत्र के संकीर्तन पर डांडिया एवं भक्ति नृत्य भी प्रस्तुत किया गया। श्रद्धालुओं के लिए विशेष प्रसाद का व्यापक वितरण किया गया।
जन्माष्टमी समारोह में कपूरथला की अनेक गणमान्य हस्तियों ने भी मंदिर पहुंचकर भगवान श्रीकृष्ण के दर्शन किए। इनमें कपूरथला के विधायक राणा गुरजीत सिंह जी, कांग्रेस के शहरी प्रधान दीपक सलवान जी एवं उनकी टीम, आम आदमी पार्टी के हलका इंचार्ज करामबीर सिंह चंदी जी एवं उनके कार्यकर्ता, गुरपाल सिंह इंडियन एवं उनकी टीम, भाजपा के शहरी प्रधान चेतन सूरी जी एवं उनकी टीम तथा बजरंग दल एवं हिंदू परिषद के प्रधान नरेश पंडित जी सहित शहर की अनेक प्रमुख हस्तियां शामिल रहीं।
समूचे आयोजन के दौरान कपूरथला शहर हरे कृष्ण महामंत्र, भगवान की लीलाओं, भक्ति संगीत, नृत्य एवं संकीर्तन से गूंजता रहा। भक्तों ने भगवान श्रीकृष्ण की प्रत्येक लीला का स्मरण करते हुए अत्यंत आनंद एवं उत्साह के साथ जन्माष्टमी महोत्सव मनाया।
इस्कॉन कपूरथला की ओर से सभी श्रद्धालुओं, सेवकों, दानदाताओं एवं शहरवासियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए प्रार्थना की गई कि श्री श्री राधा श्याम सुंदर जी सभी भक्तों पर अपनी असीम कृपा बरसाएं, उनके जीवन में भक्ति का प्रकाश बढ़ाएं तथा सभी को भगवान श्रीकृष्ण के चरणों की शरण प्राप्त हो
Leave a Reply