चीन जा रहे तेल टैंकरों ने समुद्र में लिया यू-टर्न, अब भारत की ओर रुख

चीन जा रहे तेल टैंकरों ने समुद्र में लिया यू-टर्न, अब भारत की ओर रुख

अंतरराष्ट्रीय डेस्क:पश्चिम एशिया में जारी युद्ध के बीच वैश्विक तेल बाजार में भारी उथल-पुथल देखी जा रही है। इसी बीच एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां रूस का कच्चा तेल लेकर चीन जा रहे कम से कम सात टैंकरों ने दक्षिण चीन सागर में अचानक अपना रास्ता बदल लिया और अब वे तेजी से भारत की ओर बढ़ रहे हैं।इस घटनाक्रम को चीन के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है, खासकर तब जब भारत ने हाल ही में रूस से तेल आयात में तेजी लाई है।
शिप-ट्रैकिंग डेटा के अनुसार, रूसी टैंकर Aqua Titan, जो चीन के रिझाओ बंदरगाह की ओर जा रहा था, ने दक्षिण-पूर्व एशियाई समुद्री क्षेत्र में यू-टर्न ले लिया है। अब इसके 21 मार्च को कर्नाटक के न्यू मैंगलोर पोर्ट पर पहुंचने की संभावना है। इस टैंकर में रूस का ‘यूराल्स’ कच्चा तेल भरा हुआ है।
गौरतलब है कि हाल ही में अमेरिका ने भारत को रूस से अस्थायी रूप से तेल आयात बढ़ाने की अनुमति दी है, ताकि मध्य-पूर्व में जारी युद्ध के कारण उत्पन्न तेल संकट को कम किया जा सके। पिछले एक सप्ताह में ही भारतीय रिफाइनरियों ने रूस से लगभग 3 करोड़ बैरल कच्चा तेल खरीदा है।
ईरान-इज़राइल संघर्ष के चलते स्ट्रेट ऑफ होर्मुज़ से होने वाली आपूर्ति प्रभावित हुई है, जिसके कारण भारत अपनी ऊर्जा सुरक्षा के लिए रूस पर निर्भरता बढ़ा रहा है।
अब तक चीन रूसी तेल का सबसे बड़ा खरीदार था, लेकिन टैंकरों का इस तरह रास्ता बदलना इस बात का संकेत है कि रूस के लिए भारत एक प्राथमिक बाजार बनता जा रहा है। विशेषज्ञों का मानना है कि भारतीय कंपनियों द्वारा बेहतर कीमत और आसान भुगतान व्यवस्था की पेशकश इस बदलाव की वजह हो सकती है।
Aqua Titan के अलावा Zhu Zhu N नाम का एक और बड़ा टैंकर भी चीन की ओर जाते समय रास्ता बदलकर अब गुजरात के सिका बंदरगाह की ओर बढ़ रहा है।

News Disclaimer:The news, articles and other materials published by Nazarana Times are based on the opinions of our reporters and writers. The institution is not responsible for the facts and names given in them and the institution does not necessarily agree with them.