Nazrana Times

हिंदी

एक पेड़ मां के नाम’ मुहिम के तहत शालीमार बाग में लगाए 44 फलदार पौधे

27 Aug, 2026 02:56 PM

नगर निगम और ह्यूमन राइट्स प्रेस क्लब ने मिलकर किया पौधारोपण, शालीमार बाग को ‘फ्रूट पार्क’ के रूप में विकसित करने की तैयारी

कपूरथला 27 अगस्त गौरव मढिया

पर्यावरण संरक्षण और शहर को हरा-भरा बनाने के उद्देश्य से चल रही ‘एक पेड़ मां के नाम’ मुहिम के तहत नगर निगम कपूरथला की ओर से शालीमार बाग में करीब 44 फलदार पौधे लगाए गए। नगर निगम कमिश्नर अनुपम कलेर के नेतृत्व में निगम की टीम ने पौधारोपण किया। इस अभियान में ह्यूमन राइट्स प्रेस क्लब की टीम ने भी विशेष सहयोग दिया।
इस अवसर पर एमटीपी बलविंदर सिंह, एसई मनधीर सिंह, ईटीपी पूजा, सुपरिंटेंडेंट अमित कालिया, रवि पंकज शर्मा, इंस्पेक्टर भजन, संजीव धीर, ड्राफ्टमैन दिनेश, जगदीश, एसडीओ राजेश बतरा, जेई प्रितपाल सिंह पाली, तरलोचन सिंह, पीए पुनीत कुमार, अमरजीत सडाना, मास्टर राजकुमार, मुनीश चोपड़ा, विकास गुप्ता, प्रिंस अरोड़ा, ह्यूमन राइट्स प्रेस क्लब के प्रधान सुकेत गुप्ता सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।

शालीमार बाग बनेगा ‘फ्रूट पार्क’

नगर निगम कमिश्नर अनुपम कलेर ने कहा कि शालीमार बाग में पहले से ही कई फलदार पेड़ मौजूद हैं, लेकिन इस बार बाग के एक हिस्से को अलग-अलग किस्मों के फलदार पौधे लगाकर ‘फ्रूट पार्क’ के रूप में विकसित किया जा रहा है। यहां आंवला, आड़ू, अमरूद, आलूबुखारा, लीची और नींबू सहित विभिन्न प्रकार के फलदार पौधे लगाए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि फलदार पेड़ पर्यावरण को स्वच्छ रखने के साथ-साथ लोगों और पक्षियों के लिए भी बेहद उपयोगी हैं। उन्होंने शहरवासियों से अपील की कि अपने घरों, संस्थानों और उपलब्ध खाली स्थानों पर अधिक से अधिक फलदार पौधे लगाए जाएं, ताकि आने वाले समय में शहर को हराभरा बनाने के साथ लोगों को प्राकृतिक फल भी मिल सकें।

नगर निगम की टीम पौधारोपण के साथ देखभाल पर भी देगी ध्यान : अमित कालिया

नगर निगम के सुपरिंटेंडेंट अमित कालिया ने कहा कि पौधा लगाना जितना जरूरी है, उससे कहीं अधिक जरूरी उसकी नियमित देखभाल करना है। उन्होंने कहा कि नगर निगम की ओर से लगाए जा रहे फलदार पौधों की देखभाल पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा, ताकि ये पौधे बड़े होकर शहरवासियों को फल और पक्षियों को भोजन उपलब्ध करा सकें।
उन्होंने कहा कि ऐसी मुहिम में आम लोगों और सामाजिक संस्थाओं की भागीदारी बेहद महत्वपूर्ण है। ह्यूमन राइट्स प्रेस क्लब द्वारा फलदार पौधे उपलब्ध करवाकर पर्यावरण संरक्षण के लिए किए जा रहे प्रयास सराहनीय हैं।

पूरे शहर में 1000 फलदार पेड़ लगाने का लक्ष्य : सुकेत गुप्ता

ह्यूमन राइट्स प्रेस क्लब के प्रधान सुकेत गुप्ता ने कहा कि प्रेस क्लब का लक्ष्य कपूरथला शहर में 1000 फलदार पेड़ लगाना है। इस मुहिम के तहत आम, बिलपत्र, नींबू, आलूबुखारा, अमरूद, लीची और आड़ू सहित विभिन्न किस्मों के फलदार पौधे लोगों को मुफ्त उपलब्ध करवाए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि इस मुहिम का आगाज 4 जुलाई को किया गया था और तब से लगातार अलग-अलग स्थानों पर फलदार पौधे लगाए और वितरित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि क्लब का उद्देश्य केवल पौधे लगाना नहीं, बल्कि शहर के लोगों को फलदार पौधे लगाने के लिए प्रेरित करना है, ताकि आने वाले वर्षों में कपूरथला को अधिक हरा-भरा और पर्यावरण के लिहाज से बेहतर शहर बनाया जा सके।
सुकेत गुप्ता ने कहा कि यदि प्रत्येक परिवार अपने घर या आसपास एक-दो फलदार पौधे लगाए और उनकी देखभाल करे तो कुछ वर्षों में इसका बड़ा सकारात्मक असर देखने को मिलेगा। फलदार पेड़ जहां वातावरण को बेहतर बनाते हैं, वहीं लोगों को प्राकृतिक फल उपलब्ध करवाने के साथ पक्षियों के लिए भी भोजन का महत्वपूर्ण साधन बनते हैं।
उन्होंने नगर निगम कमिश्नर अनुपम कलेर और पूरी निगम टीम का सहयोग देने के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकारी विभाग और सामाजिक संस्थाएं मिलकर काम करें तो पर्यावरण संरक्षण की मुहिम को और अधिक प्रभावी बनाया जा सकता है।

Posted By: GURBHEJ SINGH ANANDPURI

Latest News