श्री बाला जी महाराज की भव्य चौकी 16 दिसंबर को प्राचीन श्री शिव मंदिर सुभाष चौक में होगी आयोजित
श्रद्धालुओं को मिलेगा श्री बाला जी महाराज का आशीर्वाद, चौकी के उपरांत श्रद्धालुओं में वितरित किया जाएगा भंडारा
कपूरथला, 27 नवंबर गौरव मढिया
धार्मिक नगरी कपूरथला में प्रभु भक्ति और श्रद्धा का वातावरण बनाने के उद्देश्य से प्राचीन श्री शिव मंदिर सुभाष चौक में श्री बाला जी महाराज की भव्य चौकी का आयोजन 16 दिसंबर 2026, दिन बुधवार को बड़ी श्रद्धा एवं भक्तिभाव के साथ करवाया जा रहा है। इस धार्मिक समागम को लेकर मंदिर कमेटी की ओर से तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। चौकी का आयोजन शाम 6 बजे से रात्रि 9 बजे तक किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है।
इस संबंध में विस्तृत जानकारी देते हुए प्राचीन श्री शिव मंदिर कमेटी के अध्यक्ष वरुण बहल ने बताया कि श्री बाला जी महाराज की असीम कृपा एवं आशीर्वाद प्राप्त करने के लिए मंदिर परिसर में इस विशेष चौकी का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि श्री बाला जी महाराज अपने भक्तों के संकट दूर करने वाले और दुखियों का सहारा माने जाते हैं। जो भी श्रद्धालु सच्चे मन और पूर्ण श्रद्धा के साथ प्रभु के दरबार में अरदास करता है, उसे आध्यात्मिक शांति और सकारात्मक ऊर्जा की अनुभूति होती है।
उन्होंने कपूरथला शहर एवं आसपास के क्षेत्रों की समस्त धार्मिक संस्थाओं, सामाजिक संगठनों तथा श्रद्धालुओं से अपील की कि वे इस पावन धार्मिक आयोजन में परिवार सहित पहुंचकर श्री बाला जी महाराज के चरणों में अपनी हाजिरी लगवाएं और प्रभु का आशीर्वाद प्राप्त करें। उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजनों से समाज में आपसी भाईचारे, प्रेम, सद्भावना और धार्मिक एकता की भावना को मजबूती मिलती है।
चौकी के दौरान श्री बाला जी महाराज का गुणगान करने के लिए विशेष रूप से संकट मोचन हनुमान बाला जी कीर्तन मंडल, जालंधर से भजन-कीर्तन मंडली पहुंच रही है। मंडली के सदस्यों द्वारा मधुर भजनों एवं संकीर्तन के माध्यम से बाबा का गुणगान किया जाएगा, जिससे पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर होगा। श्रद्धालु बाबा के भजनों का आनंद लेते हुए भक्ति रस में सराबोर होंगे।
मंदिर कमेटी के अध्यक्ष वरुण बहल ने कहा कि चौकी के आयोजन का मुख्य उद्देश्य अधिक से अधिक श्रद्धालुओं को प्रभु भक्ति के साथ जोड़ना और समाज में धार्मिक चेतना एवं सद्भावना का संदेश देना है। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं से समय पर पहुंचकर धार्मिक समागम की शोभा बढ़ाने का आग्रह किया।
इस पावन चौकी के समापन के उपरांत श्रद्धालुओं के लिए भंडारे की व्यवस्था भी की गई है, जिसमें सभी भक्तजन प्रसाद ग्रहण करेंगे। मंदिर कमेटी की ओर से समस्त श्रद्धालुओं को इस धार्मिक आयोजन में शामिल होने का खुला निमंत्रण दिया गया है।
Posted By: Gaurav Maria