शहर की चरमराई स्ट्रीट लाइट व्यवस्था पर पार्षदों की शिकायतों और हाउस के प्रस्ताव के बाद नगर निगम की बड़ी कार्रवाई

शहर की चरमराई स्ट्रीट लाइट व्यवस्था पर पार्षदों की शिकायतों और हाउस के प्रस्ताव के बाद नगर निगम की बड़ी कार्रवाई

कपूरथला 27 अगस्त गौरव मढिया

शहर में स्ट्रीट लाइट व्यवस्था को लेकर लंबे समय से मिल रही शिकायतों और कंपनी की कार्यशैली में सुधार न होने के चलते कपूरथला नगर निगम ने मैसर्स व्हाइट प्लाकार्ड टेक्नोलॉजीज प्राइवेट लिमिटेड के साथ किया गया कॉन्सेशन एग्रीमेंट तत्काल प्रभाव से रद्द कर दिया है। अब शहर की स्ट्रीट लाइट व्यवस्था का प्रबंधन नगर निगम स्वयं करेगा।
नगर निगम कमिश्नर अनूपम कलेर ने बताया कि पिछले लंबे समय से शहर के पार्षदों की ओर से स्ट्रीट लाइटों को लेकर लगातार शिकायतें मिल रही थीं। इस संबंध में नगर निगम हाउस की बैठक में भी प्रस्ताव पारित किया गया था। इसके बाद संबंधित कंपनी को कई नोटिस जारी किए गए और व्यवस्था में सुधार करने के निर्देश दिए गए, लेकिन कंपनी की कार्यशैली में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ।
कमिश्नर ने कहा कि कंपनी की ओर से अनुबंध में निर्धारित नियमों और शर्तों की बार-बार अनदेखी की जा रही थी। शिकायतों के बावजूद स्ट्रीट लाइट व्यवस्था में सुधार नहीं होने और अनुबंध की शर्तों का पालन न किए जाने के कारण नगर निगम को कंपनी के खिलाफ कार्रवाई करनी पड़ी।
उन्होंने बताया कि मैसर्स व्हाइट प्लाकार्ड टेक्नोलॉजीज प्राइवेट लिमिटेड का अनुबंध अब रद्द कर दिया गया है। नगर निगम ने शहर की स्ट्रीट लाइट व्यवस्था को अपने स्तर पर संभालने की तैयारी शुरू कर दी है।
अनूपम कलेर ने कहा कि अब से नगर निगम सीधे तौर पर शहर की स्ट्रीट लाइटों का प्रबंध करेगा। इसके लिए एक विशेष टीम का गठन कर दिया गया है, जो शहर में खराब पड़ी स्ट्रीट लाइटों की शिकायतों को दूर करने तथा व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने का काम करेगी।
नगर निगम की ओर से जारी आदेश के अनुसार कंपनी के साथ 18 अक्टूबर 2019 को स्ट्रीट लाइटों, सीसीएमएस पैनल और संबंधित कनेक्शनों की स्थापना, संचालन एवं रखरखाव को लेकर समझौता किया गया था। कंपनी पर अनुबंध की विभिन्न शर्तों का पालन नहीं करने के आरोप लगाए गए हैं।
नगर निगम के अनुसार कंपनी को पहले भी कमियों को दूर करने और अनुबंध की शर्तों का पालन करने के लिए नोटिस जारी किए गए थे। इसके बावजूद निर्धारित समय में सुधारात्मक कार्रवाई नहीं होने के बाद निगम ने अनुबंध समाप्त करने का फैसला लिया।
नगर निगम द्वारा कंपनी को समझौते के तहत उपलब्ध स्ट्रीट लाइट प्वाइंट, सीसीएमएस पैनल, स्विचिंग प्वाइंट, अन्य इंस्टॉलेशन तथा संबंधित सामग्री का कब्जा नगर निगम को सौंपने के निर्देश भी दिए गए हैं। साथ ही कंपनी से संबंधित सामान और उपकरणों का पूरा लेखा-जोखा भी मांगा गया है।
नगर निगम कमिश्नर ने कहा कि शहरवासियों को स्ट्रीट लाइट व्यवस्था को लेकर किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए नगर निगम की टीम को जिम्मेदारी सौंप दी गई है और आने वाले समय में व्यवस्था को और बेहतर किया जाएगा।

Gaurav Maria
Gaurav Maria
+91 98885 43457
News Disclaimer:The news, articles and other materials published by Nazarana Times are based on the opinions of our reporters and writers. The institution is not responsible for the facts and names given in them and the institution does not necessarily agree with them.