करतारपुर कॉरिडोर को बताया गया धार्मिक सद्भाव का उदाहरण
- इंटरनेशनल
- 28 Apr, 2026 01:14 PM (Asia/Kolkata)
पाकिसतान अली इमरान चठ्ठा
पंजाब के अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री रमेश सिंह अरोड़ा ने ऑस्ट्रेलिया के उच्चायुक्त टिमोथी केन के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की, जिसमें अल्पसंख्यकों के कल्याण, धार्मिक स्वतंत्रता और अंतरधार्मिक सौहार्द को बढ़ावा देने पर चर्चा की गई। इस अवसर पर राजनीतिक सचिव जॉर्डन हार्टस भी उनके साथ मौजूद थे।
बैठक के दौरान मंत्री अरोड़ा ने प्रतिनिधिमंडल को मुख्यमंत्री मरियम नवाज की अल्पसंख्यक-हितैषी नीतियों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सरकार अल्पसंख्यकों को समान अधिकार, सुरक्षा और आर्थिक सशक्तिकरण प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है।

उन्होंने बताया कि अल्पसंख्यक युवाओं के लिए बिजनेस इनक्यूबेशन सेंटर स्थापित किए जा रहे हैं, जबकि ई-लर्निंग कार्यक्रम के तहत 7000 से अधिक अल्पसंख्यक छात्रों को आईटी और एआई में प्रशिक्षण दिया जा चुका है।
मंत्री ने यह भी बताया कि पहली बार पंजाब में क्रिसमस को 14 दिनों तक आधिकारिक रूप से मनाया गया। उन्होंने करतारपुर कॉरिडोर और सिख श्रद्धालुओं के लिए सुविधाओं को धार्मिक सौहार्द का वैश्विक उदाहरण बताया।
उन्होंने कहा कि इस वर्ष वैसाखी के दौरान 6000 से अधिक सिख श्रद्धालुओं को आवास, सुरक्षा और अन्य सुविधाएं प्रदान की गईं।
मंत्री अरोड़ा ने यह भी जानकारी दी कि क्रिश्चियन मैरिज एक्ट में सुधार के लिए एक उच्च स्तरीय समिति बनाई गई है, जिसका उद्देश्य जबरन विवाह और धर्म परिवर्तन को रोकना है।
ऑस्ट्रेलियाई उच्चायुक्त टिमोथी केन ने मंत्री अरोड़ा के नेतृत्व की सराहना की और पंजाब सरकार की अल्पसंख्यक हितैषी पहलों की प्रशंसा की। उन्होंने इन कार्यक्रमों में गहरी रुचि व्यक्त की और धार्मिक विरासत के संरक्षण व अंतरधार्मिक सौहार्द को बढ़ावा देने के प्रयासों को सराहा।
Leave a Reply